टाटा मोटर्स इन कारों में डीजल इंजन को कहेगी अलविदा, जानिए क्या है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीजल इंजनों को लेकर टाटा मोटर जल्द ही बड़ा कदम उठाने जा रही है। टाटा मोटर्स अपनी कुछ कारों में डीजल इंजनों को बंद कर सकती है। टाटा का यह कदम मारुति और महिन्द्रा के उस ऐलान के बाद आया है, जिसमें दोनों कार कंपनियों ने कहा था कि आने वाले वक्त में छोटी कारों में डीजल इंजन बंद किया जा सकता है।
1 अप्रैल 2020 के तक हो सकता है बंद
न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक टाटा मोटर्स आने वाले वक्त में अपनी हैचबैक टाटा टियागो और कॉम्पैक्ट सेडान टाटा टिगोर में डीजल इंजन बंद कर सकती है। माना जा रहा है कि टाटा यह कदम डीजल इजन वाली कारों की कम बिक्री के चलते उठा रही है। दोनों कारों में डीजल इंजन 1 अप्रैल 2020 के तक बंद किया जा सकता है।
अपग्रेड करने में ज्यादा खर्च
1 अप्रैल 2020 से बीएस-6 (भारत स्टेज 6) मानक लागू होने हैं और टाटा की दोनों ही कारों में बीएस-6 मानक वाले इंजन नहीं लगे हैं। जिन्हें अपग्रेड करने के लिए अतिरिक्त निवेश की जरूरत पड़ेगी और टाटा इस अतिरिक्त बोझ से बचना चाहती है। इससे पहले मारुति ने भी अपनी कारों में डीजल इंजन अपग्रेड करने को लेकर पल्ला झाड़ते हुए कहा था कि इन इंजनों को अपग्रेड करने में ज्यादा खर्च पड़ेगा और बेहतर है कि सीएनजी पर निर्भरता बढ़ाई जाए।
डीजल वैरियंट पसंद नहीं कर रहे लोग
वहीं टाटा का यह कहना है कि उसकी इन कारों में डीजल वैरियंट्स को लोग पसंद नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते इनकी बिक्री में गिरावट दर्ज की जा रही है। टाटा के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से लेकर जनवरी 2019 तक टियागो पेट्रोल की 6606 यूनिट्स ही बिकीं, वहीं डीजल वैरियंट की मात्र 1114 यूनिट्स ही बिकीं। जबकि टाटा टिगोर डीजल की 360 यूनिट्स और टिगोर पेट्रोल की 1940 यूनिट्स ही बिकीं।
टाटा हैरियर में नया इंजन
वहीं टाटा मोटर 1.6 लीटर के डायरेक्ट इंजेक्शन टेक्नोलॉजी वाले टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन पर काम कर रही है। नया इंजन 120 बीएचपी की पावर और 140 बीएचपी का टार्क देगा। वहीं यह इंजन बीएस-6 मानकों के मुताबिक होगा। टाटा इस इंजन को 2020 में टाटा हैरियर में लॉन्च करेगी। फिलहाल टाटा हैरियर में 140 बीएचपी पावर और 6 स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन वाला 2.0 लीटर का इंजन लगा है। वहीं टाटा हैरियर में जल्द ही ऑटोमैटिक वैरियंट लॉन्च किया जाएगा, 6 स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियर बाक्स को हुंडई मोटर्स से खरीदा जाएगा।
डीजल पेट्रोल में कम हुआ अंतर
इंजन को बंद करने की एक वजह यह भी है कि जिस तरह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर कम हो रहा है, उसके चलते ही कार कंपनियां इस रणनीति पर विचार कर रही हैं। इससे पहले 1 जनवरी 2018 को डीजल की तुलना में पेट्रोल 17.2% महंगा था, लेकिन 13 फरवरी 2019 को अंतर घटकर मात्र 7.1% रह गया।