कोरोना के झटके से उबरी Royal Enfield, सितंबर महीने में 60000 से ज्यादा बिके मोटरसाइकिल
दरअसल लॉकडाउन के बाद जब शोरूम खुलने लगे, तो हर जगह बस यही सवाल था कि क्या ग्राहक महामारी के दौर में वाहनों की खरीदारी करेंगे, लेकिन जिस तेजी से ऑटो सेक्टर ने रिकवरी की है उससे अब हालात तेजी से सुधर रहे हैं।
Royal Enfield ने मई महीने में 20,000 मोटरसाइकिलों की बिक्री की थी। वहीं, अगस्त महीने में कंपनी ने 50000 मोटरसाइकिलों की बिक्री का आंकड़ा पार किया। जबकि, अब सितंबर महीने में कंपनी ने 60000 मोटरसाइकिलों की बिक्री का भी आंकड़ा पार कर लिया है।
भारतीय बाजार में बढ़ी Royal Enfield की बिक्री
भारतीय बाजार की बात करें तो सितंबर 2020 में Royal Enfield के कुल 55,910 यूनिट्स की घरेलू बाजार में बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 54,858 वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री की थी। यानी भारतीय बाजार में कंपनी के वाहनों की बिक्री में 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
अगस्त महीने से तुलना की जाए तो सितंबर महीने में कंपनी की बिक्री 17.5 फीसदी बढ़ी है। बता दें कि अगस्त 2020 में कंपनी के 47,571 यूनिट्स भारतीय बाजार में बिके थे।
Royal Enfield के निर्यात में आई गिरावट
एक्सपोर्ट की बात करें तो सितंबर 2020 में Royal Enfield ने कुल 4,131 इकाईयों की भारत से बाहर बिक्री की। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 4,642 वाहनों का निर्यात किया था। पिछले साल की तुलना में कंपनी के निर्यात में 11 फीसदी की गिरावट आई है।