Kia Sonet ने भारत में मचाया तहलका, नवंबर में बनी देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली सबकॉम्पैक्ट एसयूवी
कंपनी की बिक्री की बात करें, तो पिछले साल के नवंबर महीने की तुलना में इस नवंबर Kia Motors की 50 फीसदी ज्यादा बिक्री हुई है। नवंबर 2020 में कंपनी ने अपनी 21,022 कारों की बिक्री की है।
सबकॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में मारुति सुजुकी की Vitara Brezza का एक तरफा दबदबा रहा है। लेकिन नवंबर में Kia Sonet ने नंबर-1 का खिताब अपने नाम हासिल कर लिया है। बता दें कि Kia Sonet को अब तक भारत में 50,000 से भी ज्यादा बुकिंग मिल चुकी है। कंपनी ने Sonet की बुकिंग 20 अगस्त 2020 से शुरू की थी, जिसके बाद से इसे ग्राहकों का बंपर साथ मिला है। एक औसत के मुताबिक Sonet की गाड़ियों की हर तीन मिनट में दो बुकिंग हो रही है।
बता दें कि किया मोटर्स इंडिया ने अपनी Sonet को 18 सितंबर 2020 को भारत में लॉन्च किया था। सितंबर महीने में कंपनी ने भारतीय बाजार में इसके 9,266 यूनिट्स को डिस्पैच किया था। इस गाड़ी की बंपर मांग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च के महज 12 दिनों के अंदर ही यह बेस्ट सेलिंग एसयूवी बन गई थी।