Hyundai Verna E वेरिएंट भारत में हुआ लॉन्च, 28000 रुपये कम कीमत में कंपनी ने उतारा बेस मॉडल
ह्यूंदै मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने बड़ी खामोशी से अपनी कॉम्पैक्ट सेडान Hyundai Verna के बेस वेरिएंट को भारत में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे 9.02 लाख रुपये की दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत में लॉन्च किया है। यानी Hyundai की Verna का अब बेस मॉडल S वेरिएंट की जगह E वेरिएंट है।
नए Hyundai Verna E वेरिएंट में कई फीचर्स S ट्रिम्स जैसे ही हैं। हालांकि, इसमें आपको S ट्रिम जैसा 8-इंच का टचस्क्रीन नहीं मिलेगा, जो एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसके अलावा नए वेरिएंट में आपको फ्रंट यूएसबी चार्जर और सनग्लास होल्डर भी नहीं मिलेगा।
नए Hyundai Verna E वेरिएंट की परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें पावर के लिए 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसका इंजन 113 bhp की मैक्सिमम पावर जेनरेट करता है। इसके अलावा इसका इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है।
बता दें कि Hyundai Verna SX ट्रिम और इससे ऊपर के मॉडल में ऑटोमैटिक iVT (इंटेलिजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन) यूनिट का भी विकल्प मिलता है। इसके अलावा Hyundai Verna में पावर के लिए 1.0 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलता है। इसका इंजन 118 bhp की मैक्सिमम पावर जेनरेट करता है। इसके अलावा इसका इंजन 7-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है।
वहीं, Hyundai Verna का 1.5 लीटर का VGT डीजल इंजन 113 bhp की मैक्सिमम पावर जेनरेट करता है। इसका इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस है। इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक टॉर्क कनवर्टर यूनिट का भी विकल्प मिलता है।
सितंबर महीने में 23.6 फीसदी ज्यादा बिकी Hyundai की कारें
ह्यूंदै मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के लिए सितंबर महीना राहत की खबर लेकर आया। कोरोना के झटके से भारी नुकसान का सामना कर रही कंपकी की बिक्री में बढ़त दर्ज की गई है। सितंबर 2020 में ह्यूंदै के कुल 59,913 यूनिट्स की बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने कुल 57,705 यूनिट्स की बिक्री की थी। पिछले साल के मुकाबले सितंबर 2020 में ह्यूंदै मोटर की बिक्री में 3.8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अगर महीने दर महीने की सेल्स रिपोर्ट की बात करें तो अगस्त महीने में ह्यूंदै के कुल 52,609 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। यानी अगस्त 2020 के मुकाबले सितंबर 2020 में कंपनी की बिक्री में 14 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।