FASTag: अब चुटकियों में फास्टैग को Google Pay से करें रिचार्ज, ये है स्मार्ट तरीका
अगर आप Google Pay के जरिए ICICI बैंक से फास्टैग खरीदते हैं, तो आपको 200 रुपये का फायदा मिलेगा। इसमें 100 रुपये का कैशबैक और 100 रुपये का अमेजन गिफ्ट वाउचर भी मिलेगा...
विस्तार
15 जनवरी रात 12 बजे से पूरे देश में टोल वसूली के लिए Fastag (फास्टैग) व्यवस्था लागू होने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने साफ कर दिया है कि अब अंतिम तिथि को सरकार आगे नहीं बढ़ाएगी। इससे पहले सरकार दो-तीन बार फास्टैग लागू करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा चुकी है। कई बैंक फास्टैग सुविधा दे रहे हैं, वहीं सरकार ने मिनिमम बैलेंस पर भी छूट दे दी है और जीरो बैलेंस पर भी फास्टैग काम करेगा। वहीं अगर आप गूगल पे इस्तेमाल करते हैं तो आप फास्टैग को फटाफट रिचार्ज कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे...
देना पड़ेगा दोगुना टोल टैक्स
फास्टैग के जरिए न केवल टोल प्लाजा पर जाम से छुटकारा मिलेगा, वहीं यातायात भी सहज हो जाएगा और तेल की खपत भी कम होगी। देश के 90 फीसदी टोल नाकों पर फास्टैग लगाया जा चुका है। सरकार पहले ही कह चुकी है कि गाड़ी पर फास्टैग न लगा होने पर दोगुना टोल टैक्स वसूला जाएगा। वहीं यह नियम हाइवे के साथ शहर की सड़कों पर बने टोल प्लाजा पर भी लागू होगा। इस समय 23 से ज्यादा बैंक, स्माल फाइनेंस बैंक और NPCI के जरिए फास्टैग की बिक्री हो रही है। इसके अलावा पेट्रोल पंपों, टोल प्लाजा, आरटीओ, अमेजन आदि से भी फास्टैग खरीदा जा सकता है। वाहन की आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस (RC & DL) अथवा आधार कार्ड (Aadhar Card) दिखाकर हाथों हाथ फास्टैग खरीदा जा सकता है। वहीं इसे आसानी से रिचार्ज भी किया जा सकता है।
यह भी पढ़ेंः FASTag आज से वाहनों के लिए हुआ अनिवार्य, टोल प्लाजा पर दोगुना फीस देने से कैसे बचें
ये है रिचार्ज का तरीका
गूगल पे से फास्टैग को रिचार्ज करने के लिए गूगल पे फास्टैग अकाउंट का इस्तेमाल करना होगा, जो यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) से लिंक होगा। गूगल पे एप के जरिए फास्टैग अकाउंट को रिचार्ज करने के अलावा पेमेंट का रिकॉर्ड भी रखा जा सकता है।
- कैसे लिंक करें अपना फास्टैग अकाउंट
- सबसे पहले अपने फोन में गूगल पे एप खोलें
- इसके बाद न्यू पर टैप करें
- Suggested businesses में जाकर More पर क्लिक करें, अगर फास्टैग लिस्ट नहीं है तो फिर से More पर टैप करें
- इसके बाद फास्टैग और Get Started पर टैप करें
- गूगल पे एप में ICICI, HDFC और AXIS बैंक से जारी फास्टैग को लिस्ट किया गया है।
- अगर आप ICICI बैंक से फास्टैग खरीदते हैं, तो आपको 200 रुपये का फायदा मिलेगा। इसमें 100 रुपये का कैशबैक और 100 रुपये का अमेजन गिफ्ट वाउचर भी मिलेगा।
- इसके बाद जारीकर्ता बैंक को चुन कर उसमें अपनी गाड़ी का नंबर लिखें। इसके बाद फास्टैग एड हो जाएगा।
- इसके बाद आप गूगल एप के जरिए फास्टैग को रिचार्ज कर सकते हैं।