एक बार फुल चार्ज पर 1600 किलोमीटर तक चलेगा यह सोलर इलेक्ट्रिक वाहन, 3.5 सेकंड में पकड़ेगा 177 kmph की रफ्तार
अमेरिका की एक इलेक्ट्रिक वाहन स्टार्टअप Aptera Motors ने सोलर एनर्जी पावर इलेक्ट्रिक व्हीकल (sEV) का प्रोटोटाइप पेश किया है। कंपनी का दावा है कि इस तीन पहिया इलेक्ट्रिक वाहन को चलाने के लिए किसी भी चार्जिंग की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के मुताबिक यह सोलर इलेक्ट्रिक वाहन एक बार फुल चार्ज करने पर 1600 किलोमीटर तक बिना रुके चलेगा। कंपनी का दावा अगर सही पाया जाता है, तो यह अब तक की सबसे ज्यादा रेंज देने वाली इलेक्ट्रिक कार होगी। बता दें कि दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला की गाड़ियों में भी इतना रेंज नहीं मिलता है।
Aptera Motors की इस सोलर एनर्जी पावर इलेक्ट्रिक व्हीकल में नेवर चार्ज तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। आसान भाषा में समझें तो इस तकनीक की मदद से सूरज की रोशनी से इस कार को उर्जा मिलेगी। कंपनी का दावा है कि एक साल में यह इलेक्ट्रिक कार सूरज से इतनी उर्जा जुटा सकती है कि यह 11,000 मील तक का सफर पूरा कर सके। ऐसे में इस इलेक्ट्रिक कार को बिना चार्ज किए हुए भी चलाया जा सकता है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी के दावे के मुताबिक इसमें लिक्विड-कूल्ड इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है। यह कार फ्रंट व्हील पावरट्रेन के जरिए महज 5.5 सेकंड्स में 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है। वहीं, ऑल-व्हील पावरट्रेन के जरिए यह मात्र 3.5 सेकेंड्स में 177 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है। इसके अलावा ग्राहक यह भी चुन सकेंगे कि कार में सोलर पैनल्स को कहां लगाना है। इन सोलर पैनल्स के जरिए इस कार से प्रतिदिन 40 मील की यात्रा की जा सकेगी।