ज्योतिष: जानिए नौ ग्रहों का क्या है रिश्तों से किस्मत कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदलते हुए दौर में पीढ़ियों के बीच के फासले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रिश्तों की डोर कमजोर होती जा रही है। परिवारों के टूटने का और एकल होते जाने का सिलसिला तो पुराना हो ही चुका है, लेकिन अब एक छोटे से परिवार में भी रिश्तों में कई तरह के तनाव देखने को मिलते हैं। सोशल मीडिया के इस जमाने में इंसान सबसे ज्यादा ‘अनसोशल’ होता जा रहा है। क्या हम इसे सिर्फ ग्रहों का खेल मान सकते हैं या अपने कर्मों से जोड़कर देख सकते हैं? क्या इस स्थिति के लिए सिर्फ व्यावहारिक मजबूरियों या रोजमर्रा के तनाव को बहाना बनाया जा सकता है?
दरअसल निजी स्वार्थों और झूठे अहंकार ने आज हमें एक दूसरे से काट दिया है, रिश्तों को नितांत औपचारिक और मतलबी बना दिया है। लेकिन हमें ये कभी नहीं भूलना चाहिए कि रिश्ते हमारे लिए अनमोल पूंजी हैं। अगर आपके स्वभाव में नरमी है और आप सबको साथ जोड़कर चलने का हुनर जानते हैं तो आपके ग्रह कभी खराब नहीं हो सकते।
किसी ने सही कहा है कि रिश्तों को बचाइए, किस्मत को चमकाइए क्योंकि रिश्ते हमें किस्मत से मिलते हैं। हमें रिश्तों के इस किस्मत कनेक्शन को समझने के लिए ग्रहों के साथ रिश्तों का रिश्ता समझना जरूरी है। हमारे नौ ग्रहों में से हर एक का हमारे तमाम रिश्तों के साथ सीधा नाता है। अगर हम तमाम रिश्तों को बचाकर चलते हैं, तो हमारे ग्रहों की दशा भी हमारे अनुकूल चलती है और इसके नकारात्मक असर को खत्म कर देती है। पहले ये जान लेते हैं कि कौन कौन से ग्रह हमारे कौन कौन से रिश्तों के साथ जुड़े हैं।
सूर्य का रिश्तों से कनेक्शन
सबसे पहले जानते हैं सूर्य के बारे में। सूर्य सीधे तौर पर पिता के साथ हमारे रिश्ते से जुड़ा है। अगर कोई व्यक्ति अपने पिता का सम्मान नहीं करता, बात बात पर उनके साथ तकरार करता है और वैचारिक भिन्नता को अपने व्यवहार में लाकर उनके साथ अपने रिश्ते खराब कर लेता है, तो सीधे तौर पर वह अपने सूर्य को कमजोर करता है। कुंडली में सूर्य की स्थिति देखकर जातक के पिता के व्यक्तित्व को भी जाना जा सकता है। हो सकता है कि पिता सख्त हों, गुस्से वाले हों या फिर उनका व्यवहार रुखा हो। ऐसे में बेटा या बेटी अगर उन्हें सम्मान नहीं देता, खुद को उनसे दूर कर लेता है या अपमानित करता है तो वह खुद ब खुद अपना सूर्य खराब कर रहा होता है।
इससे वह कई तरह की बीमारियों का शिकार हो सकता है, तरक्की नहीं कर सकता, हर वक्त तनाव में रह सकता है या फिर आर्थिक परेशानियों का शिकार रहता है। अक्सर लोग ज्योतिषियों के पास इन्हीं समस्याओं को लेकर जाते हैं। सूर्य को खुश करने के कई उपाय भी करते हैं, कोई सूर्य को जल चढ़ाता है तो कोई तांबे के बरतन में पानी पीता है तो कोई तांबे के कड़े पहनता है। लेकिन ये सारे उपाय तब तक असर नहीं डालते जब तक उसके रिश्ते अपने पिता से मधुर नहीं होते या जब तक वह अपने पिता का आदर नहीं करता।
रिश्तों पर चंद्रमा का प्रभाव
ठीक ऐसी ही स्थिति चंद्रमा के साथ है। यहां पिता की जगह मां के साथ रिश्ते खराब होने से चंद्रमा खराब असर डालता है। यह बेहद स्वाभाविक सा तथ्य है कि जिस मां ने आपको जन्म दिया, तमाम मुश्किलें उठाकर आपको बड़ा किया, उस मां के साथ दुर्व्यवहार करने, उन्हें अपमानित करने से आपका चंद्रमा नाराज होगा जिससे आप मानसिक बीमारियों के शिकार होते हैं, आपकी तरक्की रुक जाती है और आर्थिक परेशानियों से घिर जाएंगे।
मंगल ग्रह का परिवार से नाता
इसी तरह हर रिश्ते का रिश्ता किसी न किसी ग्रह से होता है। मंगल की वजह से आपके रिश्ते ससुराल वालों के साथ और चाचा, चाची, ताऊ और दूसरे रिश्तेदारों से अच्छे या बुरे होते हैं। मंगल आपके छोटे भाई बहन और उनसे बनते बिगड़ते रिश्तों की कहानी बताता है। अच्छा मंगल आपकी मित्र मंडली से भी आपके रिश्ते मजबूत करता है जिसमें युवा मित्रों और सहयोगियों की संख्या ज्यादा होती है।
बुध, गुरु और शुक्र का रिश्तों से कनेक्शन
बुध की बदौलत भाई-बहन, मामा, मामी और यहां तक कि आपके विरोधियों से भी रिश्ते बन-बिगड़ सकते हैं। गुरु यानी बृहस्पति और शुक्र आपके रिश्ते अपने जीवनसाथी और दोस्तों के साथ बेहतर बनाता है।
शनि और राहु-केतु का रिश्तों से कनेक्शन
शनि की बदौलत भी पिता, सास-ससुर, बेटे-बेटियों और दोस्तों के साथ रिश्ते अच्छे बना सकता है। राहु दादा के लिए है और केतु नाना के लिए। राहु का संबंध आपके दादा के साथ साथ ससुराल पक्ष के लोगों के साथ भी जुड़ा है। उनसे बेहतर रिश्ते आपको जीवन में आकस्मिक लाभ और तरक्की के मौके देते हैं। इस तरह आपके सभी नौ ग्रह किसी न किसी रिश्ते से जुड़े हैं।
उपाय
लोग हर ग्रह को अपने मन मुताबिक करने के लिए तमाम तरह के रत्न पहनते हैं, कई तरह के उपाय से लेकर पूजा पाठ तक करते हैं, लेकिन अपने रिश्तों में मिठास घोलकर भी आप इन तमाम ग्रहों को अपने लिए सकारात्मक असर देने वाला बना सकते हैं। जरूरत है अपने व्यवहार में शालीनता लाने की, अपनी सहनशक्ति मजबूत करने की और दूसरों को माफ करने और जरूरत पड़ने पर अपनी गलती मानकर कभी कभार माफी मांग लेने की। आपकी यही व्यावहारिकता आपको आज के जटिल दौर में भी बेहद सामाजिक और प्रतिष्ठित बना सकती है। इसलिए मन की गांठें खोल दीजिए और खुले दिमाग से अपने रिश्तों का किस्मत कनेक्शन मजबूत बनाइए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Astrology News in Hindi related to daily horoscope, tarot readings, birth chart report in Hindi etc. Stay updated with us for all breaking news from Astro and more news in Hindi.