काशीपुर के राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी हो गई। अब अध्यक्ष पद चार दावेदार मैदान में हैं। इस दौरान समर्थकों की कॉलेज प्रशासन से तीखी नोकझोंक भी हुई। मंगलवार को मतगणना होगी। कॉलेज की मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राखी डिमरी ने बताया कि 25 सितंबर को अध्यक्ष पद के लिए छह दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया था। शनिवार को अध्यक्ष पद के दावेदार विशाल कुमार ने अपना पर्चा वापस ले लिया था। इस दौरान अध्यक्ष पद के तीन दावेदारों ने एक-दूसरे पर आपत्तियां दर्ज कराई थी। जांच पड़ताल पूरी होने पर रविवार को करीब 12 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की गई। अध्यक्ष पद के दावेदार मोहम्मद दानिश का पर्चा अवैध पाया गया है। उन्होंने कृष्णा महाविद्यालय ठाकुरद्वारा से एलएलबी और राधेहरि से योगा विभाग से पीजी डिप्लोमा इन योगा में रेगुलर प्रवेश ले रखा था। इस कारण से पर्चा खारिज किया गया है।