भिलंगना ब्लॉक में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पिछले करीब 36 घंटे से क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में लगातार जोरदार बारिश हो रही है। केमर, बासर, आरगढ़, गोनगढ़, कोटी फैगुल, नैलचामी, हिंदाव, ग्यारह गांव और भिलंग समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है और ठंड ने भी दस्तक दे दी है। बारिश और ठंड के कारण आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। ग्रामीण इलाकों में लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। धान की फसल पर मंडराया बर्बादी का खतरा लगातार बारिश ने क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों खेतों में धान, मंडवा, झंगोरा, दालें आदि तमाम फसलें पकने के कगार पर है, लेकिन लगातार बारिश के चलते फसल को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई स्थानों पर खेतों में पानी भरने और फसलों के गिरने से किसानों की महीनों की मेहनत पर संकट मंडरा रहा है।