रुड़की सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे राज्य सफाई आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह को कर्मचारियों की समस्याओं का भी सामना करना पड़ा। मंडी सचिव पंकज राजशाह के साथ बैठक में सफाई कर्मचारियों को ईएसआई और ईपीएफ सुविधा नहीं मिलने का मामला सामने आया। मंडी की सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर नहीं मिलने पर विनय प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी के निर्देश दिए और कर्मचारियों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। करीब 22 बीघा क्षेत्रफल वाली मंडी में फिलहाल ठेकेदार की ओर से सात सफाई कर्मचारी रखे गए हैं। सफाई आयोग प्रदेश की 24 मंडियों का निरीक्षण कर कर्मचारियों की स्थिति और व्यवस्थाओं की जानकारी जुटा रहा है।