ऋषिकेश डिपो के रोडवेज कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार को वर्कशॉप में धरना दिया। धरने में बसों के चालक-परिचालक समेत कार्यालय के अन्य कर्मचारी भी शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारी लगातार वेतन भुगतान का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि करीब एक साल से महंगाई भत्ता भी नहीं मिला है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। डिपो से सेवानिवृत्त हुए पांच कर्मचारियों को भी रोडवेज मुख्यालय से बकाया भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर आगे आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार कर ली है।