पिथौरागढ़ नगर के तीन पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म हो गया। एकमात्र पंप में ईंधन भराने के लिए वाहनों की भीड़ उमड़ी तो यातायात व्यवस्था भी पटरी से उतर गई। नगर की सड़कों को जाम ने घेर दिया इसमें विद्यार्थी, आदि कैलाश सहित अन्य यात्री फंसे रहे। खासकर पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर सुबह स्कूल खुलने के समय से ही ट्रैफिक जाम से बुरा हाल रहा और यह हालात दोपहर बाद तक बने रहे। यातायात पुलिस समस्या से नहीं निपट सकी। बीते सोमवार को ही नगर के अधिकांश पेट्रोप पंपों पर ईंधन खत्म हो गया। मंगलवार को टनकपुर रोड पर कुमौड़ तिराहा और हनुमान मंदिर के पास स्थित पंप पर तेल मिलना शुरू हुआ तो सुबह से ही पंपों पर वाहनों का रेला बढ़ने लगा। पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे पर स्थित इन दो पंपों पर सुबह करीब सात बजे से वाहनों की लाइन लगनी शुरू हो गई इससे जाग लग गया। हनुमान मंदिर, कुमौड़ तिराहा, कैंट रोड, पुलिस लाइन रोड पर जाम लगने से सैकड़ों वाहन फंस गए इससे यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन जाम को खोल पाना कठिन हुआ। करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे और यात्रियों को इनमें बैठकर आवाजाही सुचारू होने का इंतजार करना पड़ा। बमुश्किल जाम खुला तो सभी ने राहत की सांस ली। एक बजे के करीब फिर से हनुमान मंदिर से लेकर रोडवेज स्टेशन तक यही हालात फिर से सामने आए। दिन में कई बार लगे जाम से हर कोई परेशान रहा।