श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी पर सोमवार को श्रीनगर के प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 148 निसंतान दंपती खड़ दीया अनुष्ठान में शामिल हुए। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह चार बजे कपाट खुलने से पहले ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और दर्शन के लिए करीब आधा किमी लंबी कतार लग गई। हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई भक्तों ने 365 बत्तियों का दीपदान भी किया।