पौड़ी में गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर परिसर बलोड़ी में पांच दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेले का आगाज हो गया है। मेले के पहले दिन क्षेत्र के विद्यालयों की मनोरम झांकियां व मार्च पास्ट आकर्षण का केंद्र रहा। जहां लोक गायक वीरेंद्र राजपूत की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शक थिरकने को मजबूर हो गए। वहीं हास्य कलाकार जीतू पहाड़ी ने दर्शकों को गीतों की प्रस्तुति पर झुमाने के साथ-साथ हास्य व्यंग्य की प्रस्तुति देकर खूब गुदगुदाया। श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर परिसर बलोड़ी में आयोजित नौवें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला गगवाड़स्यूं घाटी की नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तराखंड की लोक सांस्कृतिक धरोहर है। यह आयोजन एक ओर ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को निखारने में अहम योगदान दे रहा है। दूसरी ओर युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति, परंपरा व लोक जीवन से जोड़ने का काम कर रहा है।