नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। त्रिकोणीय मुकाबले के बीच निर्दलीय उम्मीदवार भानु प्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। भानु प्रताप को 1,355 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी शुभम कुमार को 873 वोट और हिमांशु आर्या को 283 वोट हासिल हुए। इस पद पर 14 मत नोटा और अवैध रहे। अन्य पदों पर भी बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी को 1,614 वोट मिले, जबकि गौरी को 619 वोट प्राप्त हुए। इस पद पर 202 वोट नोटा में गए और 110 मत अवैध रहे। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत विजयी रहीं। उन्हें 1,165 वोट मिले, जबकि विदुषी वर्मा को 1,147 वोट मिले। इस पद पर 127 वोट नोटा और 96 मत अवैध पाए गए। इससे पूर्व, नौ पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। इनमें छात्रा उपाध्यक्ष कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष अभिषेक रैकुनी, सचिव कमल कार्की, सांस्कृतिक सचिव हर्षित जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि तनमय भंडारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त संकाय प्रतिनिधियों में अनिल कुमार (कला), संध्या कापड़ी (वाणिज्य), दिव्यांशी कौशल (विधि) और सानिध्या उप्रेती (प्रबंधन) निर्विरोध चुने गए। मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज कुमार आर्या, प्रो. ललित तिवारी, डॉ. अशोक कुमार और डॉ. दीपक कुमार की मौजूदगी में सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र सौंपे गए। परिणाम आते ही समर्थकों ने परिसर में जमकर जश्न मनाया। इस दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।