हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। दो दिवसीय समारोह में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और अनुयायी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। सोमवार को राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी समारोह में शामिल हुए और सतपाल महाराज को जन्मदिन की बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि सतपाल महाराज ने लाखों श्रद्धालुओं और अनुयायियों के जीवन में धर्म एवं आध्यात्मिकता की अलख जगाई है। मुख्यमंत्री धामी ने उनके सादगी, सरलता और अनुशासनपूर्ण जीवन की सराहना करते हुए कहा कि वे इसी अनुशासन के साथ उत्तराखंड की सेवा कर रहे हैं। समारोह में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प भी लिया गया।