चंपावत जिले में नर्सिंग कॉलेज चंपावत में मंगलवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की ओर से जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के चारों विकासखंडों के प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने महोत्सव का शुभारंभ किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में नुक्कड़ नाटक में लोहाघाट विकासखंड ने प्रथम और पाटी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समूह लोकगीत और समूह लोकनृत्य दोनों प्रतियोगिताओं में लोहाघाट प्रथम और चंपावत द्वितीय रहा। एकल लोकनृत्य में लोहाघाट प्रथम और बाराकोट द्वितीय रहा। वहीं, एकल लोकगीत में चंपावत ने प्रथम और लोहाघाट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में पोस्टर प्रतियोगिता में मनीषा प्रथम और अखिलेश कुमार द्वितीय रहे। चित्रकला में सुनिधि ने प्रथम और मोनिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में ललिता गहतोड़ी प्रथम और मीनाक्षी जोशी द्वितीय रहीं। कविता लेखन में संयोगिता प्रथम और गौरव कुमार द्वितीय रहे। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। निर्णायक की भूमिका मुकेश गिरी, शांति जोशी, हरीश भट्ट और निशांत पुनेठा ने निभाई। आयोजन में नर्सिंग कॉलेज के स्टाफ के साथ क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी यशवंत कुमार और सुरेश जोशी ने सहयोग किया।