बागेश्वर। सात सूत्रीय मांगों के लिए देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। प्रदेश संगठन के आह्वान पर नगर और कपकोट दोनों जगहों पर पर्यावरण मित्रों का पूर्ण कार्य बहिष्कार तीसरे दिन भी जारी रहा, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुंच गई है। कर्मचारी नगर पालिका और नगर पंचायत परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। नगर में धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी गत 15 जून से लगातार शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक उनकी जायज मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। कर्मचारियों ने सरकार पर घोर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक ठेका प्रथा को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जाता और संविदा और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। कपकोट में भी सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर धरने पर डटे हुए हैं। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन करने वालों में शाखा अध्यक्ष राजीव कुमार, उप सचिव केदार, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार, कार्यालय मंत्री सुरेश और संगठन मंत्री संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।