वाराणसी। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति आभार और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ी प्राचीन परंपरा है। इस पर्व में व्रती लगातार चार दिनों तक अलग-अलग धार्मिक परंपराओं का पालन करते हैं। पहले डूबते सूर्य और फिर उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न की जाती है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ज्योतिष विज्ञान विभाग के डॉ. सुभाष पांडेय ने छठ महापर्व की धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और वाराणसी में इसकी विशेषता के बारे में विस्तार से बताया। छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। पहले दिन नहाय-खाय से पर्व की शुरुआत होती है। दूसरे दिन खरना किया जाता है। तीसरे दिन व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करते हैं। इस पूजा में सूर्य देव और छठी मइया की आराधना की जाती है। काशी में छठ पूजा की विशेषता यहां की गंगा और प्राचीन घाटों से जुड़ी है। गंगा किनारे अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपरा का भी अनूठा उदाहरण बनता है। अस्सी, दशाश्वमेध और अन्य गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।