पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के आह्वान पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुभाष राजभर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर राजभर समाज को लॉलीपॉप दिखाने का काम किया है। यूपी की आबादी बढ़ रही है तो इसका मतलब यह नहीं कि प्रदेश को बांट दिया जाए। डॉ. सुभाष राजभर ने कहा कि भारत विविधता में एकता वाला देश है और यही स्थिति उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देती है। उनके अनुसार ओमप्रकाश राजभर ने यूपी के बाबा यानी मुख्यमंत्री और अपने समाज के लोगों को झांसा देने के लिए नया मुद्दा उठाया है। उन्होंने दावा किया कि राजभर समाज के लोगों में ओमप्रकाश राजभर को लेकर नाराजगी है और वह भी इससे परिचित हैं। डॉ. सुभाष ने कहा कि आने वाले चुनाव में इसका खामियाजा भुगतने की आशंका के चलते ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाज को प्रभावित करने के लिए अलग राज्य का मुद्दा उठाया है।