सुल्तानपुर में कोतवाली नगर क्षेत्र में देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें 25 हजार रुपये का इनामी वांछित बदमाश कामरान खान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक असलहा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कामरान खान कोतवाली नगर के पांचोपीरन का निवासी है। वह खनन और राजस्व टीम पर हमला करने के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार देर रात पुलिस टीम को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कामरान गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कामरान के खिलाफ कोतवाली नगर में वर्ष 2021, 2024 और 2026 में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, बलवा, जानलेवा हमले, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।