सोनभद्र जिले में विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिन्डूबा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर शुक्रवार सुबह चेचिस और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर भाग निकला, लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से उसे रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 पर पकड़ लिया गया। घटना सुबह करीब नौ बजे मेदनीखांड लैम्पस के सामने हुई। बताया गया कि चेचिस और मोटरसाइकिल दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा मिला। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।