इमलिया सुल्तानपुर में आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार को विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। सुबह अरणि मंथन से अग्नि प्रज्ज्वलित कर यज्ञ की शुरुआत की गई। संकल्पित यजमान रोहित सिंह ने भागवत पूजन किया। हरिद्वार से पधारे स्वामी सत्यदेव महाराज ने कहा कि 88 हजार ऋषियों की तपस्थली नैमिष धाम को प्रणाम करने का सौभाग्य मिला है। यहां निवास करने वाले लोग सौभाग्यशाली हैं। उन्होंने ईश्वर वंदना और ''सच्चिदानन्दरूपाय विश्वोत्पत्यादिहेतवे'' श्लोक का भावार्थ समझाते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा तीनों प्रकार के तापों का नाश करने वाली और मोक्ष प्रदान करने वाली है। उन्होंने ज्ञान और वैराग्य के प्रसंग का वर्णन किया। बताया कि वृंदावन में देवी भक्ति दुखी अवस्था में बैठी थीं और उनके दो पुत्र ज्ञान तथा वैराग्य वृद्ध व अचेत अवस्था में पड़े थे। देवर्षि नारद ने उनकी पीड़ा देखकर संतों और सनकादि ऋषियों के परामर्श से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया। कथा के प्रभाव से ज्ञान और वैराग्य फिर से युवा हो गए और भक्ति का दुख दूर हुआ।