सीतापुर। साहब! राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए जमीन का अधिग्रहण हुए कई साल बीत गए, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला। मुख्यमंत्री से शिकायत की तो जांच के लिए लेखपाल पहुंचे, लेकिन अब वह भी रुपये मांग रहे हैं। मंगलवार को नवागत जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार के सामने जनसुनवाई के दौरान खगेसियामऊ निवासी विक्रम ने यह पीड़ा बयां की। पीड़ित की शिकायत सुन डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही नियमानुसार मुआवजा दिलाने की बात कही।