सिद्धार्थनगर के नौगढ़ ब्लॉक के न्याय पंचायत बेल्टीकर स्थित दो कंपोजिट विद्यालयों में सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा के पहले दिन अव्यवस्था सामने आई। कक्षा छह, सात और आठ के प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण शिक्षकों को ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न लिखकर परीक्षा करानी पड़ी। महदेवा बाजार और गनेरा के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालयों में यह स्थिति रही। प्रधानाध्यापकों के अनुसार, ब्लॉक संसाधन केंद्र से केवल प्राथमिक स्तर के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए थे, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर के प्रश्नपत्र नहीं मिले। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।