श्रावस्ती: गिरंट बाजार ग्राम पंचायत हरदत्तनगर गिरंट के बढ़ियनपुरवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास गंदगी व झाड़ियों की भरमार है। जिसके चलते केंद्र आने वाले बच्चों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ता का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं की जाती है और कूड़ा केंद्र के पास फेंका जा रहा है। यही नहीं शौचालय भी बदहाल है और स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ व वाटर टैंक की स्थापना भी नहीं है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजू विश्वकर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव का सफाई कर्मी केंद्र के बगल कूड़ा डाल रहा है। बारिश के चलते कूड़ा सड़ने से भीषण दुर्गंध आ रही है, जिसके चलते केंद्र आने वाले बच्चों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित सफाई न होने से झाड़ियां उग आई हैं, जिनमें विषैले जीवों का वास है। विषैले जीव किसी भी समय केंद्र आने वाले छोटे-छोटे बच्चों के लिए नुकसानदायक बन सकते हैं। मंजू ने आरोप लगाते हुए बताया कि सफाई के लिए कई बार ग्राम प्रधान विजय कुमार से मांग की गई है लेकिन प्रधान मामले को दिखवाने की बात कहकर टाल देते हैं।