श्रावस्ती: गिलौला क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहम्मदापुर में मंगलवार को तूफान के दौरान गिरे विद्युत पोल को लगाते समय पोल 11 हजार की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। हादसे में पोल लगवा रहे दो ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि लाइनमैन को मौके पर बुलाया गया था। लाइन मैन खुद मौके पर नहीं आए और अपने दो सहयोगियों को मौके पर भेजा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन ने शट डाउन लेने का दावा किया था और ग्रामीणों से विद्युत पोल लगाने की बात कही थी। जिसके बाद हम सभी विद्युत पोल लगा रहे थे। इस दौरान पोल ऊपर से गुजरी 11000 हाईटेंशन लाइन से छू गया। शट डाउन न होने से दो ग्रामीण सचिन मिश्रा(20) व वेद पाठक (40) हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी गिलौला ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में एसडीओ प्रवेंद्र सिंह ने बताया ग्रामीण स्वयं पोल लगा रहे थे। विभाग को कोई जानकारी नहीं दी थी। इस दौरान विद्युत पोल 11000 की हाईटेंशन लाइन को छू गया और दो लोगों की मौत हो गई।