शाहजहांपुर में मयूर स्पोर्टिंग की ओर से आयोजित अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को डायमंड स्पोर्ट्स अकादमी रोजा ने शाज इलेवन को 21 रन से पराजित कर दिया। विजेता टीम के कप्तान विश्वास पाल ने शानदार बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी दम दिखाया। जीएफ कॉलेज के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड स्पोर्ट्स अकादमी ने निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 129 रन बनाए। कप्तान विश्वास पाल ने 38 और मोनू कुमार ने 29 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 29 रन मिले। शाज इलेवन की ओर से अरहान खान ने तीन, जबकि श्रेयश दुबे और राघव मिश्रा ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाज इलेवन की टीम 19.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गई। शारिब खान ने 18, रुद्र पांडेय और श्रेयश दुबे ने 15-15 रन बनाए। डायमंड अकादमी की ओर से राजन ने तीन, विश्वास पाल और राजेश ने दो-दो विकेट हासिल किए। अंपायर की भूमिका रिजवान ने निभाई। आयोजक मयूर खन्ना ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।