चंदौसी स्टेशन रोड की पंजाबी धर्मशाला में रविवार को संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुंदरकांड पाठ के दौरान मधुर भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और भक्ति में झूमने लगे। भगवान श्रीराम और वीर हनुमान के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। सुंदरकांड की शुरूआत डॉ. वाईपी जोशी ने विधि विधान से पूजा कर की। इसके बाद भगवान गणेश व सरस्वती वंदना, हनुमान चालीसा, बजरंगबाण व श्रीराम स्तुति का गायन हुआ। फिर स्वामी भूमानंद सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने सुंदरकांड की चौपाइयों का संगीतमय व्याख्यान किया। पाठ के बीच - बीच में मधुर - मधुर भजनों की छठा बिखरी। भजनों की श्रंखला में केजी शर्मा ने मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डार दई और मुकेश आचार्य ने कीजे केसरी के लाल मेरा छोटा से ये काम तथा अजय सक्सेना ने हे दुखभंजन मारुति नंदन सुन लो मेरी पुकार आदि भजनों की प्रस्तुति दी। पाठ के समापन पर आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बृजेंद्र शर्मा, सरला देवी, अमित डुडेजा, इंद्रजीत डुडेजा, दीपक डुडेजा, आलोक दुबे, राजीव शर्मा, योकेंद्र कुमार शर्मा, राकेश चौबे, जेएन मिश्रा, रमेश ग्रेवाल आदि मौजूद रहे।