कारोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों की पढ़ाई और भविष्य संवारने के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत मंगलवार को 10 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने पात्र बच्चों को लैपटॉप सौंपे। लैपटॉप पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत जिले में 123 बच्चों को चिह्नित किया गया था। इनमें से 89 बच्चों को पात्रता के आधार पर योजना के लिए स्वीकृति मिली है। वर्तमान में 43 बच्चे योजना का लाभ ले रहे हैं। योजना के तहत कक्षा नौ या उससे ऊपर की पढ़ाई करने वाले पात्र बच्चों को एक बार लैपटॉप देने का प्रावधान है। इससे पहले 25 बच्चों को लैपटॉप दिए जा चुके हैं। मंगलवार को 10 और बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। इस पहल से बच्चों को डिजिटल पढ़ाई, तकनीकी ज्ञान और उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी।