गेहूं की बोआई का सीजन चल रहा है, लेकिन महराजगंज विकासखंड की साधन सहकारी समितियों पर डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। हलोर और कोटवा मोहम्मदाबाद समितियों में खाद का स्टॉक खत्म होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। समय पर खाद न मिलने से बोआई प्रभावित होने की चिंता किसानों को सता रही है। खाद की तलाश में किसान समितियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। क्षेत्रीय किसान जगत नारायण मिश्रा, पारसनाथ सिंह, प्रेमशंकर मिश्रा, प्रवीण त्रिपाठी, श्रवण चौधरी, राजकुमार, रामहेत, राजाराम, बेचूलाल और रामसमुझ समेत अन्य किसानों ने बताया कि गेहूं की बोआई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में डीएपी खाद नहीं मिलने से खेती का काम समय पर पूरा करने में दिक्कत हो रही है। किसानों ने संबंधित विभाग से समितियों पर जल्द खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। हलोर समिति के सचिव पीयूष श्रीवास्तव ने बताया कि दीपावली से पहले समिति पर उपलब्ध डीएपी का वितरण कर दिया गया था। खाद की नई खेप के लिए मांग भेजी जा चुकी है। रैक आते ही किसानों को खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, कोटवा मोहम्मदाबाद समिति के सचिव रामशरन यादव ने बताया कि विभाग को डीएपी की मांग भेजी गई है। आपूर्ति मिलते ही किसानों को खाद वितरित की जाएगी। उधर, परशदेपुर, घुरवारा और डीह क्षेत्र में भी किसान खाद की किल्लत से परेशान हैं।