नसीराबाद (रायबरेली) थाना क्षेत्र के धरई मजरे सिसनी भुआलपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक किशोर ने घर के कमरे में पंखे के हुक से मोफलर के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में धान की कटाई कर रहे थे। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव निवासी सुमित (17) मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नाश्ता करने के बाद अपनी मां फूलकली और बड़े भाइयों अनुज व अमित के साथ खेत में धान काटने गया था। दोपहर में भूख लगने पर वह करीब एक बजे अकेले ही खाना खाने के लिए घर लौट आया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी खेत से काम निपटाकर करीब डेढ़ बजे घर पहुंचे। घर आने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने पीछे की तरफ खिड़की की दरार से अंदर झांककर देखा तो सुमित पंखे के हुक से मोफलर के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और दरवाजा खोलकर किशोर को नीचे उतारा। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। सुमित के पिता रमेश पासी परदेश में रहकर काम करते हैं, जबकि बहन कंचन की शादी हो चुकी है और वह अपनी ससुराल में रहती है। किशोर ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि किशोर ने फांसी क्यों लगाई, इसकी जांच की जा रही है।