लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में डलमऊ रोड पर बहाई गांव के निकट रविवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डॉक्टरों नें सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान नहीं हो सकी है। एक मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड पर उन्नाव जिले के दुबेपुर हरिदासी खेड़ा, बीघापुर निवासी लक्ष्मीनारायण पुत्र रामनाथ का पता दर्ज है। ऐसे में मृतक की पहचान लक्ष्मीनारायण के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार पूरे पूरन मजरे चांदाटीकर निवासी सुनील कुमार (25) पुत्र रामदास घायल हो गए। सुनील ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। रविवार को जिले से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।