रायबरेली में खीरों थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे आपसी विवाद में 24 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर खेतों में पड़ा मिला। मारपीट में उसका चाचा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे सीएचसी लालगंज से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दिन में हुए विवाद के बाद रात में हुई इस हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार की दोपहर में हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला इसकी कोई पुष्टि नहीं करता है । एकौनी निवासी शिवबाबू (24) पुत्र चंद्रलाल शुक्रवार दोपहर अपने चाचा चंद्रपाल की बाइक लेकर कहीं जाने लगा था। इसी बात को लेकर चाचा चंद्रपाल, चाची सविता, चचेरे भाई अमृतलाल उर्फ मन्नू और शिवबाबू के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि चारों ने शिवबाबू की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा। किसी ग्रामीण ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। परिजनों के अनुसार, इसके बाद भी दोनों पक्षों में देर शाम तक कहासुनी होती रही। रात में चंद्रपाल गांव से बाहर अमित सिंह के खेत में बटाई पर ली गई सब्जी की फसल की रखवाली करने चला गया। करीब 12 बजे शिवबाबू भी वहां पहुंच गया। विवाद की सूचना मिलने पर परिवार के कई लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां शिवबाबू को बेरहमी से पीटा गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी और हाथ-पैर की कई हड्डियां टूट गईं। मारपीट में चंद्रपाल भी घायल हो गया। परिजन चंद्रपाल को सीएचसी लालगंज ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर खीरों पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में क्षेत्राधिकारी लालगंज और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।