रायबरेली में लालगंज कस्बा के बाईपास रोड पर बरदाही मोहल्ले के निकट शनिवार को बस से उतरते समय एक मैकेनिक उसी बस के पिछले पहियों की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। लखनऊ के उदयगंज स्थित बरफखाना निवासी मोहम्मद शकील (48) पुत्र साबिर लोहे का सामान बनाने का काम करते थे। वह रायबरेली से बस में सवार होकर किसी काम से लालगंज आए थे। सुबह करीब दस बजे बरदाही मोहल्ले के पास बस से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया। वह बस के पिछले पहियों के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।सीओ सुजीत राय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।