पीलीभीत में छठी मैया के पारंपरिक गीतों से सोमवार सुबह शहर का बरहा घाट गूंज उठा। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सुबह से ही महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ घाट पर जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ समेत पूजन सामग्री सजाई। सूर्योदय से पहले ही महिलाएं तालाब के पानी में खड़ी होकर भगवान सूर्य के उदय होने का इंतजार करने लगीं। इस दौरान घाट पर छठ मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, महिलाओं ने विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की। अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया।