मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शमीम की हत्या का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्त घायल हो गए, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटा गया ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आठ नवंबर को थाना नई मंडी पुलिस को ग्राम जट मुझेडा के जंगल में एक अज्ञात शव मिला था। शव की शिनाख्त मोहम्मद शमीम के रूप में हुई थी। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को संधावली अंडरपास के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ई-रिक्शा पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया गया। अभियुक्तों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में विकास और अनिल नामक दो अभियुक्त घायल हो गए। आकाश सैनी को पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।