मिर्जापुर में लोक आस्था के महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। जिले के 150 से अधिक गंगा घाटों, तालाबों और पोखरों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। 36 घंटे के निर्जला व्रत के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा की। बादलों और धुंध के कारण करीब तीन घंटे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इसके बावजूद व्रतियों की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी। भोर तीन बजे से ही महिलाएं पूजन सामग्री और दीप लेकर घाटों पर पहुंचने लगी थीं। वेदी के सामने जल में खड़े होकर छठी मइया की आराधना की। 'उग हे सुरुजदेव, भइल अरघ के बेर' जैसे पारंपरिक लोकगीतों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। उजाला होने पर व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान शंख और शहनाई की ध्वनि तथा छठी मइया के जयकारों से गंगा तट गूंजते रहे।