मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात निवासी अमित उर्फ मिक्की कश्यप हत्याकांड में एडीजे-12 की अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को हत्या और आपराधिक साजिश का दोषी करार दिया है। 13 अप्रैल 2025 को अमित का शव बिस्तर पर मिला था और पास में जिंदा सांप मिला था। पत्नी ने मौत को सर्पदंश बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम में गला, नाक और मुंह दबाने से दम घुटने की बात सामने आई। अभियोजन के अनुसार हत्या को सर्पदंश का रूप देने के लिए बिस्तर पर सांप रखने की साजिश रची गई थी। अदालत दोषियों की सजा पर अगली सुनवाई में फैसला सुनाएगी।