हस्तिनापुर में पिछले करीब डेढ़ महीने से रुक-रुककर हो रही बारिश ने खादर क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई खेतों में लंबे समय से पानी भरा होने के कारण फसलें खराब होने लगी हैं। पानी में अब घास भी जमने लगी है, जिससे फसलों के नष्ट होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों के अनुसार, खेतों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण फसलों की जड़ें प्रभावित हो रही हैं। कई स्थानों पर फसलें पीली पड़ने लगी हैं और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द जलनिकासी नहीं हुई तो खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है। खादर क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से जलभराव वाले खेतों का सर्वे कराकर फसलों के नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।