मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित नए बस स्टैंड के पास महोली रोड पर बने एक होटल में पति-पत्नी की निजता में सेंध लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार देर रात कमरे में ठहरे दंपती ने होटल कर्मचारी पर डोर लॉक के सुराख से ताक-झांक करने का आरोप लगाया। पीड़ित पति के अनुसार, कमरे में सोने की तैयारी के दौरान उसे ताक-झांक का आभास हुआ। बाहर आकर देखा तो वहां होटल कर्मी मौजूद था। पहली बार हिदायत देकर छोड़ने के बावजूद आरोपी दोबारा ताक-झांक करने लगा। इस पर युवक ने उस कर्मचारी की पिटाई कर दी।आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले होटल स्टाफ ने आरोपी कर्मचारी को मौके से भगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दंपती को थाने ले आई। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और होटल प्रबंधन उन पर समझौते का दबाव बना रहा है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।