मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर अड़ींग नहर के समीप मंगलवार सुबह मजदूरों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में महिला और पुरुष सहित नौ मजदूर घायल हो गए। सभी घायल मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और गोवर्धन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करते हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही अड़ींग पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मध्य प्रदेश निवासी मजदूर टेंपो में अपने सामान के साथ मथुरा से गोवर्धन की ओर आ रहे थे। जैसे ही टेंपो अड़ींग नहर के समीप पहुंचा, अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टेंपो सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार मजदूर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची अड़ींग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में बाबू (35) पुत्र सियाराम, रजुआ (40) पुत्र पल्लो, पार्वती (23) पत्नी बाबू और हरगोविंद (21) पुत्र भागीरथ निवासी मध्य प्रदेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया। वहीं दीपक (28) पुत्र धनीराम, करण (19) पुत्र बबलू, गोविंददास (32) पुत्र पूरनलाल, आशिक (17) पुत्र इंतियाज और नगीना (36) पत्नी इंतियाज का गोवर्धन सीएचसी में उपचार किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नेहा चौधरी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मथुरा रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार स्वास्थ्य केंद्र पर किया गया।