मथुरा जनपद में निर्वाचक नामावली को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को वृहद स्तर पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद के सभी 2266 बूथों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे से ही बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी, सुपरवाइजर, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों ने अपने-अपने बूथों पर मोर्चा संभाल लिया। कैंप के दौरान उन युवाओं और महिलाओं के फॉर्म-6 भरवाए गए, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या करने वाले हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम विधानसभा या लोकसभा की मतदाता सूची में नहीं है, वे अपने संबंधित बूथ पर जाकर फॉर्म-6 भरकर सामान्य अभिलेखों के साथ जमा कर सकते हैं। इस विशेष अभियान के तहत जिले भर के सभी 2266 मतदेय स्थलों पर अधिकारी व बीएलओ मुस्तैद रहे, जहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रह गए नागरिकों और विशेषकर पहली बार वोटर बन रहे युवा निर्वाचकों के नाम दर्ज किए गए। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह खुद धरातल पर उतरे और उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दामोदरपुरा, बीएसए डिग्री कॉलेज, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज तथा बलदेव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गांधी बेरानी में आयोजित कैंपों का औचक निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।