मथुरा के मांट-सुरीर मार्ग पर भद्रवन स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने देर रात को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र के गांव जरारा निवासी गजेंद्र (25) पुत्र खिल्लू अपने भाई ललित (21) और 12 वर्षीय पीके के साथ बाइक से वृंदावन जा रहे थे। शनिवार देर रात को जैसे ही उनकी बाइक भद्रवन स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, तभी मांट की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही गजेंद्र ने दम तोड़ दिया। ललित और पीके का राया स्थित सर्वोदय अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मथुरा भिजवाया। थाना प्रभारी पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।