तीर्थनगरी गोकुल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद नंदोत्सव का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। "नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की..." के जयघोष से गोकुल की गलियां गूंज उठीं। बैंड-बाजों की धुन के बीच नंद किला-नंद भवन से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के बाल स्वरूपों का डोला नंद बाबा और ग्वाल-बालों के साथ निकाला गया। यह डोला गोकुल की विभिन्न गलियों और बाजारों से होते हुए नंद चौक स्थित रास चबूतरा तक पहुंचा। इस दौरान, गोकुलवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बाल स्वरूपों का स्वागत किया। नंदोत्सव के अवसर पर नंद भवन में श्रद्धालुओं ने उपहार लूटे, जिससे उत्सव का उल्लास और भी बढ़ गया।