मथुरा। धर्म नगरी में चारों ओर जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। कान्हा के जन्म से पहले ही श्रद्धालुओं ने घरों और मंदिरों को सजाने के लिए रात भर फूलों की खरीदारी की। फूलों के साथ-साथ मोरपंखी, अशोक की बंदनवार और पहाड़ी चमेली की भी बिक्री खूब हुई। होली गेट स्थित गोविंदगंज मंडी में रात भर दूर-दूर से आए लोगों ने फूल की खरीदारी की। बृहस्पतिवार को बाजार में गुलदावरी 250, गेंदा 60, मोंगरा 800, कनेर 250 बंडल, बैंगलोरी गुलाब 300, कुंद 500, कमल 25 - 30 रूपये किलो तक बिक्री की गई। फूल विक्रेता गौरव गुप्ता ने बताया कि इस बार फूलों की मांग अच्छी रही है। बीते दिन हुई बारिश के कारण फूलों की खेप आने में देरी हो गई। फूल कारोबारी यश ने बताया कि बार-बार हुई बारिश के चलते ग्राहक रुक-रुक कर आ रहे हैं। देर समीर ही सही लेकिन फूलों की बिक्री जारी है।