छाता (मथुरा)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शुगर मिल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में ईंटों से भरे ट्रैक्टर पर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे ईंटों से लदे ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। चालक बच गया। वहीं, हादसे के वक्त ट्रक में सवार परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परिचालक को अस्पताल भिजवाया। पुलिस घायल परिचालक की मदद से फरार ट्रक चालक की तलाश और मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।