मथुरा में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) चतुर्थ सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। अंतिम दिन दो केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 86 फीसदी से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। हिंदी और शांति शिक्षा के प्रश्नपत्र आसान रहे, जबकि अंग्रेजी के प्रश्नों ने प्रशिक्षुओं को थोड़ा उलझाया। प्रशिक्षुओं ने अंग्रेजी के पेपर को मध्यम बताया। परीक्षा देकर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर संतोष दिखा। हिंदी विषय में 106 पंजीकृत छात्रों में से 89 उपस्थित रहे। अंग्रेजी में 305 पंजीकृत प्रशिक्षुओं में से 285 ने परीक्षा दी। शांति शिक्षा एवं सतत विकास में 103 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 87 उपस्थित रहे। डायट प्राचार्य धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। पूरी परीक्षा नकलविहीन और सुचारु ढंग से संपन्न हुई।