मथुरा में राधाष्टमी पर राधारानी और ठाकुरजी के श्रृंगार के लिए ब्रज की पोशाकों की जमकर खरीदारी हुई। मथुरा में तैयार होने वाली पोशाकों की मांग देशभर से आए श्रद्धालुओं में रही। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार पिछले त्योहारों की अपेक्षा बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। जनपद में छोटे-बड़े 500 से अधिक कारखानों में पोशाक तैयार की जाती हैं। राधाष्टमी पर प्रत्येक कारखाने से करीब 1.5 से दो लाख रुपये तक की पोशाकों की बिक्री हुई। इससे जिले में करोड़ों रुपये का कारोबार हुआ। मसानी लिंक रोड स्थित पुष्प विहार में पोशाक तैयार करने वाले महेश जादौन ने बताया कि उनके यहां 200 से दो हजार रुपये तक की पोशाकें तैयार होती हैं। ठाकुर श्री बांकेबिहारी और राधारानी के लिए त्योहार और मौसम के अनुसार अलग-अलग डिजाइन बनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पोशाकों में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा सूरत से मंगाया जाता है। कारीगर गोटा, लटकन, सल्ली, फूल और बूटी से इन्हें सजाते हैं। आकर्षक कढ़ाई और सजावट पोशाकों को खास बनाती है। राधाष्टमी के बाद भी आने वाले पर्वों के लिए पोशाकों की मांग बनी रहने की उम्मीद है।