मथुरा की सांसद हेमा मालिनी के प्रयासों से बलदेव क्षेत्र को विकास की एक और सौगात मिली है। त्वरित आरआईएस योजना के तहत ब्रज कैलाश मार्ग छिबरऊ से बलदेव रजवाह तक ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य का बुधवार को विधि-विधान से पूजन कर शुभारंभ किया गया। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल, उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी अश्वनी कुमार थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से पूजन कर नारियल फोड़कर किया। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने कहा यह मार्ग सांसद हेमा मालिनी के प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। 85 लाख रुपये की लागत से यह मार्ग 1500 मीटर लंबा व 3.75 मीटर चौड़ा होगा। मार्ग के बीच 100 मीटर हिस्से में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण होगा । मार्ग के निर्माण से ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं व क्षेत्रीय ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा सांसद हेमा मालिनी के प्रयासों से बलदेव क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा। इस दौरान श्यामवीर प्रधान, विनोद मोदी, रवि पांडेय, श्रीकांत, मदन मोहन पांडेय एडवोकेट, सुनील पांडेय, विष्णु कुमार, प्रदीप पांडेय स्थानीय निवासी मौजूद थे।